मस्तूरी। विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर मस्तूरी प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के पत्रकारों ने विधायक दिलीप लहरिया से सौजन्य मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। पत्रकारों ने क्षेत्र में सामने आ रही अनियमितताओं तथा शासकीय योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर चिंता जताई।
मस्तूरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष विजय सुमन, सचिव रघु यादव और उपाध्यक्ष हरिओम श्रीवास सहित पत्रकारों ने विधायक से आगामी विधानसभा सत्र में इन ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की मांग की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की कमी बनी हुई है तथा शैक्षणिक संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
पत्रकारों ने यह भी कहा कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हो रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। समय रहते निगरानी और जांच नहीं होने पर आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब एवं क्षेत्र के पत्रकार साथी रामगोपाल भार्गव, लक्ष्मीकांत, विमलकांत, हरि यादव, धनंजय खुटें, चंद्रप्रकाश निणेजक, भुवन भास्कर, अमित खुटें, सुभाष टंडन, करन अंचल, अरुण सेन एवं सुनील सिंह उपस्थित रहे।
पत्रकारों ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा सत्र में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

