मस्तूरी। आगामी होली पर्व एवं ईद-उल-फितर को लेकर मस्तूरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी लालचंद मोहल्ले, थाना प्रभारी अजहरुद्दीन तथा नायब तहसीलदार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के सरपंचगण, व्यापारी संघ के प्रतिनिधि, कोटवार, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की।
एसडीओपी लालचंद मोहल्ले ने कहा कि होली और ईद जैसे पावन पर्व आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी अजहरुद्दीन ने डीजे, जुलूस मार्ग, समय सीमा और कानून-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

