ग्राम बिनैका स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में आयोजित जनरल नॉलेज प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह एवं कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों का विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे तथा विशिष्ट अतिथि हर प्रसाद भारती सरपंच ग्राम पंचायत डिग्निया उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पढ़ाई के महत्व पर प्रकाश डाला और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रतियोगी परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, पेन एवं कॉपी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार द्वारा शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई।
विद्यालय के प्रधान पाठक उरांव एवं त्रिपाठी सहित विद्यालय परिवार ने परीक्षा के सफल आयोजन का श्रेय थानेश्वर प्रसाद बंजारे को दिया। कार्यक्रम का संचालन रूपेश कुमार लहरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।
