मस्तूरी।
जनपद पंचायत मस्तूरी के क्षेत्र क्रमांक 17 में बढ़ते पेयजल संकट को लेकर जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने सक्रियता दिखाते हुए पीएचई विभाग को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के कई गांवों में पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्वाला बंजारे ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही नल-जल योजनाएं और बोरवेल जवाब देने लगते हैं। जलस्तर नीचे जाने से हालात और बिगड़ जाते हैं, जिसके चलते ग्रामीणों को रोजाना पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्राम बकर कूदा की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि यहां के ग्रामीणों को सुबह-सुबह पानी के लिए टिकारी और बूढ़ीखार जैसे दूसरे गांवों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ज्ञापन में जिन ग्रामों की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई है, उनमें बिनैका, डंगनिया, मटिया, बूढ़ीखार, बकर कूदा, बैटरी, जैतपुर, सरसेनी, पथरताल, थेम्हापार और चकरबेढा शामिल हैं।
जनपद सदस्य ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया है कि तत्काल पानी के टैंकर भेजकर राहत पहुंचाई जाए तथा सभी हैंडपंपों और नल-जल योजनाओं की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द से जल्द कराया जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
