
मस्तूरी। ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोडाडीह क्षेत्र में संचालित जिंदल माइंस में कार्यरत स्टारेक्स माइनिंग प्रा. लि. की पत्थर खदान में हो रही तेज़ और लगातार नियमविरुद्ध ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान में निर्धारित मानकों और समय-सीमा का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे आसपास के गांवों में ज़मीन कंपन, मकानों में दरारें और धूल-गुबार की समस्या बढ़ती जा रही है। कई ग्रामीणों ने बताया कि ब्लास्टिंग के दौरान तेज़ धमाकों से बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं में डर का वातावरण बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कंपनी के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध एवं अनियमित ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

