मस्तूरी। क्षेत्र क्रमांक 17 के ग्रामों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे के नेतृत्व में विशेष सुधार मिशन चलाया गया। इस अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने गांव-गांव पहुंचकर खराब पड़े जल स्रोतों का निरीक्षण एवं सुधार कार्य किया।
अभियान के दौरान बिगड़े हुए नल-जल योजनाओं और बोरवेल की मरम्मत की गई। इसमें पाइपलाइन सुधार, राइजर (राइजिंग पाइप) बदलना, लीकेज ठीक करना, हैंडपंप रिपेयरिंग सहित विभिन्न तकनीकी कार्य किए गए। लंबे समय से बंद पड़े जल स्रोतों को पुनः चालू कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
अब क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध होने लगा है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतें सुचारू रूप से पूरी हो रही हैं। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे एवं विभागीय टीम के प्रति आभार जताया।
यह पहल जनहित में एक प्रभावी और सराहनीय कदम साबित हो रही है, जिसने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम दिए हैं।

