मस्तूरी। ग्राम पंचायत चौहा में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के महानायक डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। आयोजन के दौरान गांव में उत्साह और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, विचारधारा और उनके सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया और उनका संविधान आज देश को समानता और न्याय का मार्ग दिखा रहा है।
जयंती के अवसर पर गांव में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। “जय भीम” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा, जिससे आयोजन का उत्साह और भी बढ़ गया।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाबा साहब के आदर्शों पर चलने, शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज में भाईचारा एवं समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिनमें सरपंच हुलेश खूंटे सहित ओमप्रकाश राय, देवेन्द्र कांत, शैल खूंटे, अर्जुन खूंटे, संजीत राय, गौरव सुमन, देवनारायण कांत, तरूण राय, अविनाश राय, प्रिंस खूंटे, लोकेश टंडन, हरीश खूंटे, द्रोण खूंटे, सूर्यप्रकाश खूंटे, समीर खूंटे, अर्बन खूंटे, डेविड भार्गव, निखिल खूंटे, सुल्तान राय, आलोक टंडन, अतुल सुमन, अप्पू राजा कांत, विकास जोशी, अस्मित राय, दिनू राय एवं आदर्श खूंटे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल बाबा साहब के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम बना, बल्कि गांव में एकता, समानता और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश भी छोड़ गया।
