मस्तूरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम थेम्हापार में संत शिरोमणि गुरु घासीदास जी एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने संत गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा एवं समानता के संदेश तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के संविधान निर्माण एवं सामाजिक न्याय के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता अशोक राजवाल, ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि नवीन घोष, पूर्व सरपंच राजू राय, जय कुमार धीरही सहित समस्त आयोजक समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांस्कृतिक लोक कला मंच श्याम क. कुटीलिहा द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
अंत में सभी ने समाज में एकता, भाईचारा एवं समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
