मस्तूरी। क्षेत्र क्रमांक 17 के शासकीय विद्यालयों की बदहाल स्थिति को लेकर जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की कमी को तत्काल दूर करने की मांग की है।
बंजारे ने बताया कि क्षेत्र के कई विद्यालय आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। कहीं पर्याप्त कक्ष नहीं हैं तो कहीं भवन जर्जर अवस्था में हैं। रंगमंच, साइकिल शेड और समतलीकरण जैसी जरूरी व्यवस्थाओं के अभाव में छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्राम बिनैका, बुढीखार, डंगनिया, बकरकुदा, मटिया एवं चकरबेढ़ा के विद्यालयों में समतलीकरण, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, रंगमंच एवं साइकिल शेड निर्माण जैसे आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
जनपद सदस्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

