मस्तूरी l ग्राम पंचायत चौहा में अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेत में खड़ी करीब 2 एकड़ गेहूं की फसल देखते ही देखते आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय खेत से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने शासन-प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके। इलाके में इस घटना के बाद चिंता और दहशत का माहौल है।
