मस्तूरी। जनपद क्षेत्र के ग्राम डंगनिया में 15वें वित्त आयोग की राशि से पनपीता तालाब में ₹1.40 लाख की लागत से बोर खनन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य से वर्षों से गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने वाली जल संकट की समस्या से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले गर्मी के दिनों में तालाब के सूख जाने से ग्रामीणों, पशु-पक्षियों एवं मवेशियों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब बोर खनन के माध्यम से तालाब में जल उपलब्धता बनी रहेगी, जिससे पूरे गांव को स्थायी लाभ मिलेगा।
जनपद पंचायत मस्तूरी के सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे ने बताया कि यह कार्य ग्रामवासियों के सहयोग, विश्वास और सक्रिय सहभागिता से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में और भी कार्य कराए जाएंगे।
इसी कड़ी में ग्राम बिनैका में भी 15वें वित्त आयोग के तहत ₹1.40 लाख की लागत से बोर खनन कार्य प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिससे वहां के ग्रामीणों को भी बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
